वालों को सोचना चाहिए कि आखिर उसकी मेहनत और कारीगरी से ही हम एक अदद घर-मकान में रहने का सुख हाबहुत पुरानी कहावत है कि पर उपदेश कुशल बहुतेरे यानि दूसरों को उपदेश देने वाले बहुत मिल जाएंगे। उपदेश देना बहुत आसान है, खुद उन बातों पर अमल करना उतना ही मुश्किल। कलयुग में पाप बढ़े हैं, अत्याचार बढ़े हैं, मानवीयता रोज तिल-तिल कर मरती जा रही है। तो लोगों के मन में आध्यात्मिकता भी जमकर हिलोरें मार रही हैं। लगता है कि सतयुग, तेत्रायुग, द्वापरयुग और कलयुग में से, सबसे ज्यादा आध्यात्मिकता कलयुग में ही हो सकती है। हर रोज नया बाबा, नया प्रवचनकर्ता चैनलों पर दिखने लगे हैं। अहम् बात तो यह है कि तरह तरह के उलजलूल हरकतों, रहन-सहन से मानव जाति ने अपने लिए नई-नई मुश्किलें खड़ी की हैं। अब उनसे उबरने के लिए सबसे सस्ता और सरल तरीका उन्हें यही नजर आता है कि सीधे किसी बाबा की शरण में जाओ। कहा जाता है कि बिना गुरू के, भगवान नहीं मिलते, क्योंकि भगवान तक पहुंचने का ज्ञान और मार्ग गुरू ही बता सकते हैं। लेकिन गुरूओं को लेकर भी कई तरह के भ्रम की स्थिति है। देश में चल रहे एक बड़े पंथ के बाबा कहते हैं कि मांसाहार मत करो, यह राक्षसी प्रवृत्ति है। वहीं उसके समकक्ष चल रहे दूसरे पंथ के बाबा कहते हैं कि जो मन में आए वही करो, यदि मांसाहार करने की इच्छा है तो करो, इसमें कोई बुराई नहीं। बाबाओं के भक्त ऐसे मामले पर अलग-अलग तर्क देते हैं। पानी पियो छान के, गुरू बनाओ जान के जैसी बातें अब दरकिनार होने लगी हैं। लोग एक दूसरे के झांसे में आकर बिना किसी परख के बाबाओं को अपना हितचिंतक, दुख दर्द दूर करने और मुक्ति दिलाने वाला मानने लगे हैं। मुझे भी कई रिश्तेदारों ने तरह-तरह के तर्क देकर किसी गुरू, किसी बाबा का भक्त बनने के लिए कई खूबियां गिनाई। उन्हें चमत्कारी पुरूष बताया। सन् 2005 में दिल्ली में मैंने खुद अंधभक्ति की मिसाल देखी। एक विशाल प्रवचन शिविर में तीन दिनों तक रहा और कई प्रपंच देखे। बाबा की भक्त एक महिला, जो सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी। वह सुबह सुबह ही शिविर में आसपास मौजूद भक्तों को मिठाई बांट रही थी और काफी खुश थी। मैंने जिज्ञासावश पूछ लिया कि क्या बात है किस बात की मिठाई बांटी जा रही है। महिला ने बताया कि उसका प्रमोशन हो गया है, अब वह प्रिसीपल बन गई है और यह सब बाबा का चमत्कार है। मैंने बातों ही बातों में उसकी बेटी से कुछ और जानकारियां ली, तो पता चला कि पिछले डेढ़ वर्ष से महिला के प्रमोशन की प्रक्रिया चल रही थी और इसी के तहत् उन्हें स्कूल का प्राचार्य बनाया गया है। भला बताईए, इसमें बाबा ने क्या चमत्कार किया, जो सरकारी प्रक्रिया थी उसी के कारण प्रमोशन हुआ, लेकिन अंधभक्ति या अंधविश्वास के चलते महिला को सबकुछ बाबा का किया धरा दिख रहा था।
आजकल छत्तीसगढ़ प्रदेश में एक बौध्द भंते बुध्द प्रकाश घूम-घूमकर अंधविश्वास के खिलाफ लोगों को जगाने का काम कर रहे हैं और चमत्कार, जादू के सच से परिचित करा रहे हैं। उनका कहना है कि अशिक्षितों की बात तो दूर है, देश का एक बड़ा शिक्षित वर्ग ही अंधविश्वास की चपेट में है। सबसे पहले उन्हें जगाना होगा।
कालेधन की बात करें तो यह 100 फीसदी सच है कि मठों में, धर्मादा ट्रस्टों में, किसी धर्म-कर्म वाले संस्थानों में जो भी धन आता है, क्या वो मेहनत से, ईमानदारी से, बिना किसी छलकपट के कमाया गया धन होता है ? एक और बात सामने आती रही है कि कई पूंजीपति अपना धन कथित कालाधन धार्मिक संस्थानों में लगाते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण यही दिखता है कि धार्मिक संस्थानों के प्रति लोगों के मन में एक श्रध्दाभाव होता है, जिसे पहली बार में शक की नजर से नहीं देखा जा सकता। ऐसे में उन पूंजीपतियों के कथित कालेधन की रक्षा हो जाती है। उस धन को अन्य धंधों में भी लगाया जा सकता है। एक सच यह भी है कि देश में जितने भी बाबा नामी हैं, प्रसिध्द हैं, शोहरत वाले हैं, कम से कम मैंने उन्हें किसी गरीब की कुटिया में जाकर भोजन करते नहीं देखा, सुना और पढ़ा है। यानि जो धन देगा, वहीं बाबाओं का कृपापात्र होगा। अमीरों और गरीबों के लिए बाबाओं का अलग-अलग मापदंड एक बड़ा भेदभाव नहीं है ? सोचा जा सकता है कि क्या इस तरह के भेदभाव से कोई गुरू, किसी भक्त को भगवान से मिलवा सकता है ? ईश्वर ने तो गरीब रैदास, तुलसी, वाल्मिकी, मीरा और सूरदास को उनकी संपत्ति, धन धान्य और हैसियत देखकर दर्शन नहीं दिए थे। फिर परमपिता परमेश्वर तक पहुंचाने का दावा करने वाले बाबाओं को ऐसी दरकार क्यों ? लोगों को उपदेश देकर व्यवहार सुधारने, लोभ, मोहमाया से दूर रहने, अत्याचार, भेदभाव नहीं करने की सीख देने वाले बाबा क्या खुद इन चीजों से दूर हैं ? शास्त्रों में तो यही लिखा है कि भगवान का सच्चे मन से, निर्मल भाव से, छलकपट से दूर रहकर ध्यान करो तो एक दिन वे जरूर मिलेंगे। आत्मा में परमात्मा है, यह सोचकर ही कोई कार्य करें तो व्यर्थ के प्रपंच से बच सकते हैं, बाकी सब तो कलयुगी करामातें हैं।
आए दिन न्यूज चैनलों और अखबारों में खबरें छाई हुई हैं कि स्विस बैंकों में भारतीयों का ही सबसे ज्यादा धन जमा है। योगगुरू बाबा रामदेव ने भी अभियान चला रखा है कि विदेशों में जमा काला धन वापस अपने देश लाया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने केन्द्र सरकार को विदेशों में अपना धन जमा रखने वालों के नाम खुलासा करने को कहा है, लेकिन सरकार भी इन धनकुबेरों के नाम खुलासा करना नहीं चाहती। काले धन के मामले में भारतीय नंबर 1 पर हैं। इस खबर पर कोई शक हमें नहीं है, होना भी नहीं चाहिए, क्योंकि हम चाहे अपने देश के नेताओं को जितना भी कोस लें कि गरीबों का हिस्सा हड़प कर, हक मारकर खुद के लिए तमाम आलीशान ऐशो-आराम के सामान जुटा लेते हैं। अपने देश में एक नंबर या दो नंबर से कमाया हुआ धन स्विस बैंकों में जमा करके आखिरकार विदेशों में देश की साख तो बढ़ा रहे हैं। अमेरिका, जापान, चीन, रूस जैसे देशों को कम से कम हमारे नेता और उद्योगपति किन्ही मामलों में पछाड़ रहे हैं। भारत देश वैसे भी विकासपथ पर लगातार बढ़ रहा है, विकसित देशों को जल्द ही पछाड़ने का दावा भी देश के कई नेता आए दिन करते हुए दिखते हैं। हमारे विकासशील देश को विकसित देशों की श्रेणी में आने में इतना समय नहीं लगता, अगर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझकर काम किया जाता। क्योंकि यह तो बचपन से ही किताबों में पढ़ते आए हैं कि जब देश की तरक्की होगी, तो प्रदेश बढ़ेगा, फिर समाज, शहर, गांव और अंत में परिवार की तरक्की होगी, लेकिन बाकी सब चीजें गौण हो गई, अब रह गया अपना परिवार, अपने बच्चे, अपना घर, गाड़ी, बंगला, शानो-शौकत। देश कहां खो गया, देशप्रेम किधर चला गया ? देश के लिए बात करने हमारे पास सिर्फ दो दिन यानि 15 अगस्त और 26 जनवरी ही रह गए। देश के बारे में सोचते तो हमें नहीं लगता कि अमेरिका, रूस जैसे महाशक्तिशाली देशों का मुकाबला करना कोई मुश्किल होता। राश्ट्रबोध कहीं गुम होकर रह गया और स्वार्थबोध ने मन पर कब्जा कर लिया है। जिस देश में हम रहते हैं, जिस मिट्टी में पलते हैं, जिसका नमक खाते हैं, जिस पर अपनी जिंदगी बिताते हैं, क्या उस देश के प्रति हमारे कोई कर्त्तव्य नहीं। छत्तीसगढ़ की रमन सरकार का रियायती अनाज अगर धनाढ्य या फिर अपात्र लोग किसी तरीके से हड़प कर जा रहे हैं, तो इसमें नुकसान किसका है, बदनामी किसकी है ? देश के अलावा बात करें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ की तो ईओडब्ल्यू की छापेमारी में अब तक कई अफसरों की करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हो चुका है। क्या संपत्ति सिर्फ अफसरों के पास ही बढ़ गई है ? अगर स्वास्थ्य विभाग, पीएचई, खाद्य, आबकारी, नगरीय निकाय, उद्योग, आयकर, खनिज सहित तमाम सरकारी विभागों के बाबूओं की संपत्ति की छानबीन भी की जाए तो कई लोगों की संपत्ति करोड़ रूपए से कम नहीं निकलेगी। क्लर्क स्तर के कर्मचारियों की संपत्ति इतनी हो सकती है तो अफसरों और नेताओं की संपत्तियों के क्या कहने, पर उसे उजागर कौन करेगा, भ्रष्टाचार की नींव पर खड़े हुए धन के अंबार का खुलासा कौन करेगा ? ईओडब्ल्यू चंद कार्रवाईयां कर अपनी पीठ थपथपा ले या फिर लोग अफसरों के करोड़ों की संपत्तियों का खुलासा देखकर हैरान होते रहें, लेकिन सवाल वहीं खड़ा है कि क्या वाकई कथित काला धन हमारे प्रदेश में कम है या फिर यहां धन की कमी है और वह धन किसके हिस्से का है, किनके हक पर डाका डालकर धन कमाया गया है ? बात भारतीयों के काले धन की हो रही थी और विशय थोड़ा बदल गया। हम तो यही मानते है कि स्विस बैंकों में काला धन जमा होना कहा जाना कहीं से उचित नहीं है। क्योंकि 100 रूपए का नोट 100 रूपए की कीमत का ही होगा, बाजार में वह आधे दाम पर नहीं लिया जाएगा, तो फिर धन काला कैसे हुआ ? ये जरूर हो सकता है कि काले कामों से, भ्रष्टाचार से, दो नंबर से कमाई गई दौलत को काला धन कहा जा रहा है, लेकिन हमारा मानना है कि अपने देश में कमाए गए धन को विदेशों में रखने वालों का मन काला है, नियत में खोट है। काले मन वालों को अपना मन साफ करते हुए धन को देश में ही रखना चाहिए ताकि आड़े वक्त में यह देश के काम आ सके। वरना देश को विकसित बनाने का सपना देखने और दावे करने से क्या फायदा ? शर्म का विशय तो यह भी है कि इतना धन भारतीयों के पास होते हुए भी 61 बरस के स्वंतत्र भारत के हालात भी कुछ खास अच्छे नहीं हो सके हैं। भारत की आत्मा गांवों में बसती है, कहने वाले बापू के सपनों का भारत आखिर कहां है ?

